जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 830 करोड़ रुपये

Ads

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 830 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 08:32 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 08:32 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 830 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने 2025-26 की समान तिमाही में 325 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।

जेएफएसएल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जून, 2026 को समाप्त तिमाही में उसकी कुल आय तिगुना से अधिक होकर 2,005 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान अवधि में 619 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान जेएफएसएल की ब्याज आय बढ़कर 962 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में 363 करोड़ रुपये थी।

कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 1,016 करोड़ रुपये हो गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 261 करोड़ रुपये था।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड से अलग होकर बनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज निवेश एवं वित्तपोषण, बीमा ब्रोकिंग, भुगतान बैंक तथा भुगतान एग्रीगेटर एवं पेमेंट गेटवे सेवाओं के कारोबार में सक्रिय है।

कंपनी ने कहा कि उसकी अनुषंगी इकाइयों जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड और जियो पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में परिचालन स्तर पर लाभप्रदता हासिल की है।

जेएफएसएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हितेश सेठिया ने कहा कि निवेश समाधान और बीमा जैसे क्षेत्रों में देश में व्यापक संभावनाओं को देखते हुए कंपनी ब्लैकरॉक और आलियांज के साथ अपने संयुक्त उद्यमों सहित नए कारोबार में निवेश बढ़ा रही है, जिसका लाभ आने वाले समय में मिलेगा।

भाषा योगेश अजय

अजय