अदाणी समूह के शेयरों में तेजी, अदाणी ग्रीन 11 प्रतिशत चढ़ा

Ads

अदाणी समूह के शेयरों में तेजी, अदाणी ग्रीन 11 प्रतिशत चढ़ा

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) शेयर बाजार में आई तेजी के साथ ही बुधवार को अदाणी समूह के शेयरों में भी उछाल देखने को मिला। अदाणी ग्रीन का शेयर 11 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 8.78 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

अमेरिका की एक अदालत ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी की याचिका को सुनवाई को स्वीकार कर लिया है। इस याचिका में अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) की तरफ से दायर धोखाधड़ी मामला खारिज करने का अनुरोध किया गया है।

अदाणी की तरफ से दलील दी गई है कि यह मामला अमेरिकी क्षेत्राधिकार से बाहर है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

इस घटनाक्रम के बाद अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी का माहौल रहा। बीएसई में अदाणी ग्रीन का शेयर 11.38 प्रतिशत, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस 8.78 प्रतिशत, अदाणी एंटरप्राइजेज लि. 8.62 प्रतिशत और अदाणी टोटल गैस 7.60 प्रतिशत मजबूत हुए।

इनके अलावा, एनडीटीवी में 6.48 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट में 6.28 प्रतिशत, अदाणी पोर्ट्स में 5.28 प्रतिशत, एसीसी में 5.20 प्रतिशत और अदाणी पावर में 3.55 प्रतिशत की तेजी रही।

इस तरह समूह की सभी कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 14.22 लाख करोड़ रुपये रहा।

बीएसई सेंसेक्स 2,946.32 अंक यानी 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 873.70 अंक यानी 3.78 प्रतिशत बढ़कर 23,997.35 अंक पर बंद हुआ।

पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

भाषा रमण प्रेम

प्रेम