आदित्य बिड़ला समूह की इकाई 1.8 अरब डॉलर में स्प्रिंग एनर्जी को खरीदेगी

Ads

आदित्य बिड़ला समूह की इकाई 1.8 अरब डॉलर में स्प्रिंग एनर्जी को खरीदेगी

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज की इकाई आदित्य बिड़ला रिन्यूएबल्स लिमिटेड (एबीआरईएन) ने करीब 1.8 अरब डॉलर (लगभग 17,200 करोड़ रुपये) में शेल ओवरसीज इन्वेस्टमेंट बी वी से स्प्रिंग एनर्जी के अधिग्रहण पर सहमति जताई है।

इस सौदे से देश के सबसे बड़े एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा मंचों में से एक के गठन की राह खुलेगी।

आदित्य बिड़ला समूह ने सोमवार को एक बयान में कहा कि इस अधिग्रहण से एबीआरईएन की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़कर करीब 9.3 गीगावाट-पीक (जीडब्ल्यूपी) हो जाएगी। इसमें लगभग 3.3 जीडब्ल्यूपी की चालू परियोजनाएं और 1.7 जीडब्ल्यूपी निर्माणाधीन परियोजनाएं शामिल हैं।

सौदे के तहत शेल ओवरसीज को दी जाने वाली इक्विटी राशि का निर्धारण कर्ज, नकदी और अन्य मदों के समायोजन के बाद किया जाएगा।

बयान के मुताबिक, इस अधिग्रहण के लिए वित्तपोषण ग्रासिम इंडस्ट्रीज और ब्लैकरॉक के संचालन वाले ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स द्वारा प्रबंधित कोषों से कर्ज एवं इक्विटी के मिश्रण से किया जाएगा।

यह सौदा एबीआरईएन के वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सी एंड आई) नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार को स्प्रिंग एनर्जी के उपयोगिता-स्तर के पोर्टफोलियो के साथ जोड़ेगा। आवश्यक नियामकीय मंजूरियों और अन्य औपचारिकताओं के अधीन इसके 2026 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, ‘‘समूह ने लंबे समय में वैश्विक स्तर के कारोबार खड़े किए हैं और भारत के ऊर्जा बदलाव को भी उसी दृष्टिकोण से देखता है। यह सौदा देश के ऊर्जा भविष्य को मजबूत करने और आर्थिक वृद्धि की नींव तैयार करने में मददगार होगा।’’

समूह के निदेशक आर्यमान विक्रम बिड़ला ने कहा कि यह अधिग्रहण एबीआरईएन के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और इससे राष्ट्रीय स्तर पर एक अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा मंच बनाने की दिशा में तेजी आएगी।

एबीआरईएन के व्यवसाय प्रमुख जयंत दुआ ने कहा कि दोनों कंपनियों के एकीकरण से परियोजना विकास, इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण एवं परिसंपत्ति प्रबंधन में समन्वय से परिचालन क्षमता बढ़ेगी और परियोजनाओं के निष्पादन में तेजी आएगी।

कंपनी ने कहा कि संयुक्त इकाई के पास विविध पोर्टफोलियो और मजबूत परियोजना पाइपलाइन होगी, जिससे आने वाले वर्षों में 20 गीगावाट-पीक क्षमता से अधिक क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय