व्हाट्सऐप के बाद टेलीग्राम ने भी यूजरनेम फीचर पर सरकार को जवाब सौंपा
व्हाट्सऐप के बाद टेलीग्राम ने भी यूजरनेम फीचर पर सरकार को जवाब सौंपा
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम ने भी व्हाट्सऐप के बाद ‘यूजरनेम’ फीचर को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय से मिले नोटिस का जवाब दे दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि व्हाट्सऐप और टेलीग्राम की तरफ से दी गई प्रतिक्रियाओं का फिलहाल सरकार परीक्षण कर रही है।
इन त्वरित संदेश मंचों के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर के तहत उपयोगकर्ता अपना फोन नंबर साझा किए बगैर भी एक-दूसरे से संवाद कर सकते हैं।
सूत्रों ने कहा कि व्हाट्सऐप ने बृहस्पतिवार शाम को सरकार को अपना जवाब सौंप दिया था। इसके बाद टेलीग्राम की तरफ से भी सरकार को जवाब मिल चुका है।
हालांकि दोनों कंपनियों की तरफ से सौंपे गए जवाब का ब्योरा नहीं मिल पाया है। उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान भी नहीं जारी किया गया है।
सरकार ने व्हाट्सऐप को पिछले सप्ताह नोटिस जारी कर प्रस्तावित फीचर पर सवाल उठाए थे और इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी, दूसरे की पहचान का दुरुपयोग और डिजिटल अरेस्ट के मामलों में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई थी।
उस समय व्हाट्सऐप ने सरकार को आश्वासन दिया था कि वह भारत में इस फीचर को तब तक लागू नहीं करेगी जब तक इस बारे में चर्चाएं पूरी नहीं हो जातीं।
इसके बाद आईटी मंत्रालय ने टेलीग्राम और सिग्नल को भी नोटिस जारी कर उनके मौजूदा यूजरनेम फीचर और उससे जुड़े सुरक्षा उपायों पर जानकारी मांगी थी।
हाल के दिनों में मेटा और टेलीग्राम अन्य नियामकीय मुद्दों को लेकर भी सरकारी जांच के दायरे में आए हैं।
सरकार ने इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री वाले विज्ञापनों के मामले में मेटा को नोटिस जारी किया है, जबकि टेलीग्राम को प्लेटफॉर्म पर पायरेटेड फिल्में, ओटीटी कंटेंट और अन्य ऑडियो-विजुअल सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


