मध्यप्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं मौजूद: टाटा एआईजी
मध्यप्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं मौजूद: टाटा एआईजी
भोपाल, 25 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश में विनिर्माण, इंजीनियरिंग और कृषि से जुड़े व्यवसायों समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में उद्यम हैं और राज्य में भारत की एमएसएमई वृद्धि यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता है। टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह बात कही।
टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस में एमएसएमई उत्पादों के प्रमुख प्रणय शाह ने कहा कि कंपनी राज्य के उद्यमों की बदलती जोखिम जरूरतों को समझने और उन्हें भरोसेमंद तथा आसानी से उपलब्ध बीमा समाधान मुहैया कराने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में करीब 56.5 लाख एमएसएमई मौजूद हैं।
शाह ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत गतिविधियां देखी गईं। कंपनी अपनी स्थानीय मौजूदगी और विशेषज्ञ क्षमताओं को मजबूत कर एमएसएमई को जोखिमों से निपटने, रोजगार सुरक्षित रखने और कारोबारी निरंतरता बनाए रखने में मदद करना चाहती है।
कंपनी ने बताया कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश में 25,000 एमएसएमई बीमा पॉलिसी जारी करने का आंकड़ा पार कर लिया जिसमें भोपाल सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा।
शाह ने कहा कि कंपनी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, धार और सिंगरौली जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों पर ध्यान दे रही है।
देशभर में टाटा एआईजी के एमएसएमई कारोबार ने पिछले वित्त वर्ष में 1,450 करोड़ रुपये के सकल लिखित प्रीमियम (जीडब्ल्यूपी) का आंकड़ा पार किया। कंपनी ने इस दौरान देशभर में 7.5 लाख से अधिक एमएसएमई पॉलिसी जारी कीं।
कंपनी के वाणिज्यिक कारोबार के तहत श्रमिक क्षतिपूर्ति और समूह स्वास्थ्य बीमा के जरिये 20 लाख से अधिक लोगों को बीमा कवर भी मिला।
टाटा एआईजी ने कहा कि वह मध्यप्रदेश के एमएसएमई कारोबार को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने और उनकी स्थिर वृद्धि में मदद के लिए स्थानीय टीमों तथा प्रौद्योगिकी में निवेश जारी रखेगी।
भाषा दिमो
प्रेम अजय
अजय

Facebook


