एयरटेल के प्रीपेड प्लान में बदलाव, एआरपीयू में चार से 12 रुपये तक की वृद्धि संभव

Ads

एयरटेल के प्रीपेड प्लान में बदलाव, एआरपीयू में चार से 12 रुपये तक की वृद्धि संभव

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 03:39 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) भारती एयरटेल ने चुनिंदा प्रीपेड पैक बंद करने का फैसला किया है, जिससे प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) में चार से 12 रुपये तक की वृद्धि हो सकती है। ब्रोकरेज कंपनियों ने यह अनुमान लगाया है।

गौरतलब है कि दूरसंचार कंपनी ने प्रीमियम सेवाओं को बढ़ावा देने और मौद्रीकरण को गति देने के लिए लक्षित प्लान बदलावों का सहारा लिया है। कुछ विश्लेषकों ने इन बदलावों को सभी प्लान पर व्यापक या औपचारिक शुल्क वृद्धि के बजाय ग्राहकों को ‘अपग्रेड’ के लिए प्रेरित करने के रूप में देखा है।

भारती एयरटेल ने हाल में चार प्रीपेड प्लान – 299 रुपये, 579 रुपये, 619 रुपये और 649 रुपये को वापस ले लिया, जिससे लोकप्रिय 299 रुपये वाले प्लान के ग्राहकों के पास चुनने के लिए अधिक महंगे विकल्प ही बचे हैं।

प्रीपेड पेशकशों में किए गए इस फेरबदल से शुरुआती स्तर के 199 रुपये और 219 रुपये के प्लान पर कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन इसका मतलब है कि लोकप्रिय 299 रुपये वाले प्लान के ग्राहकों को अब 349 रुपये वाले पैक का विकल्प चुनना पड़ सकता है, जो उनके लिए लगभग 16 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि दर्शाता है।

ब्रोकरेज कंपनियों – मॉर्गन स्टेनली, आईआईएफएल कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल और सिटी ने अपनी हालिया टिप्पणियों में एयरटेल के प्रति ग्राहक औसत राजस्व (एआरपीयू) में वृद्धि का अनुमान जताया है। इनका कहना है कि एयरटेल के मासिक एआरपीयू में चार रुपये से 12 रुपये के दायरे में वृद्धि हो सकती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि बंद किए गए पैक के ग्राहक अधिक मूल्य वाले डेटा प्लान को अपना सकते हैं।

मॉर्गन स्टेनली ने अनुमान लगाया कि कंपनी स्तर पर लगभग 8-12 रुपये की सकल एआरपीयू वृद्धि हो सकती है। सिटी ने प्रति माह लगभग चार रुपये के एआरपीयू लाभ का अनुमान लगाया।

जेएम फाइनेंशियल ने संभावित वृद्धि को 5-6 रुपये या लगभग दो प्रतिशत आंका है। आईआईएफएल कैपिटल ने लगभग 12 रुपये के वार्षिक एआरपीयू विस्तार का अनुमान लगाया।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय