नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) और आलियांज ग्रुप ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उनके पुनर्बीमा संयुक्त उद्यम ने काम करना शुरू कर दिया है। यह संयुक्त उद्यम उनके पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी आलियांज यूरोप बी वी के जरिये परिचालन करेगा।
आलियांज जियो रीइंश्योरेंस लिमिटेड को 12 मार्च, 2026 को भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकार (इरडा) से अंतिम नियामकीय मंज़ूरी मिलने के बाद, तत्काल प्रभाव से भारत में पुनर्बीमा अंडरराइटिंग का अधिकार मिल गया है। पुनर्बीमा अंडरराइटिंग वह प्रक्रिया है जिसमें एक पुनर्बीमा कंपनी मूल बीमा कंपनी द्वारा हस्तांतरित किए गए जोखिमों का मूल्यांकन करती है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि मुंबई में मुख्यालय वाली आलियांज जियो आरई का लक्ष्य भारतीय बाज़ार के लिए एक रणनीतिक दीर्घकालिक भागीदार बनना है, जिसका मिशन देश के बीमा पारिस्थितिकी तंत्र की मज़बूती को बढ़ाना है।
बयान में कहा गया कि ऐसे समय में जब संरचनात्मक अनुकूल परिस्थितियां इस क्षेत्र की सतत वृद्धि को बढ़ावा दे रही हैं — वर्ष 2047 तक ‘सभी के लिए बीमा’ के राष्ट्रीय मिशन के अनुरूप जेएफएसएल की स्थानीय पहुंच और डिजिटल बुनियादी ढांचे का आलियांज की मजबूत अंडरराइटिंग और वैश्विक पुनर्बीमा पैमाने के साथ मेल, बीमा कंपनियों को जोखिम को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए आवश्यक क्षमता और विशेषज्ञता के साथ सशक्त करेगा।
जेएफएसएल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हितेश सेठी ने कहा, ‘‘हम भारत में पुनर्बीमा परिचालन शुरू करने के लिए नियामकीय मंज़ूरी मिलने से बहुत खुश हैं, और बीमा कंपनियों को अधिक जोखिम अवशोषण क्षमता प्रदान करके, बीमा पारिस्थितिकी तंत्र के समग्र विकास का समर्थन करते हुए, राष्ट्र की मज़बूती को बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।’’
आलियांज एसई के प्रबंधन बोर्ड के सदस्य क्रिस टाउनसेंड ने कहा कि यह पुनर्बीमा साझा उपक्रम बीमा कंपनियों को नवीन और मज़बूत जोखिम समाधान प्रदान करने के लिए अच्छी स्थिति में है, और यह संयुक्त उद्यम वैश्विक तकनीकी विशेषज्ञता को देश के डिजिटल और वित्तीय पारिस्थिकी तंत्र की गहरी समझ के साथ मिलाकर भारत के बीमा क्षेत्र का समर्थन करेगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय