नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संकट के कारण आए व्यवधान के बीच यात्रियों की मांग को पूरा करने के लिए ब्रिटिश एयरवेज़ दिल्ली और मुंबई से कुछ समय के लिए अतिरिक्त उड़ानों का परिचालन करेगी।
एयरलाइन कंपनी ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में बताया कि वह सात अप्रैल से 31 मई तक, दिल्ली से लंदन के हीथ्रो के लिए तीसरी दैनिक उड़ान चलाएगी, और मुंबई से 15 मई से 31 मई तक लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए तीसरी दैनिक उड़ान उपलब्ध होगी।
बयान में कहा गया, ‘‘एयरलाइन इन मार्गों पर भारी मांग को पूरा करने और भारत, ब्रिटेन और उससे आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प और सुविधा प्रदान करने के लिए, कुछ समय के लिए अपनी क्षमता बढ़ा रही है।’’
इस अतिरिक्त क्षमता के साथ, ब्रिटिश एयरवेज़ भारत और ब्रिटेन के बीच प्रति सप्ताह 1,000 से अधिक अतिरिक्त सीटों के साथ, कुल 63 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी।
ब्रिटिश एयरवेज़ के मुख्य योजना और रणनीति अधिकारी नील चेर्नोफ ने कहा कि एयरलाइन अपने पूरे मार्ग नेटवर्क में अन्य गंतव्यों पर यात्रियों की भारी मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता को फिर से आवंटित करने में सफल रही है, और भारत उसके सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक बाजारों में से एक बना हुआ है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय