हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन में हिस्सेदारी की अनुमति से ‘हितों का टकराव’ होगा: इंडिगो एमडी
हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन में हिस्सेदारी की अनुमति से ‘हितों का टकराव’ होगा: इंडिगो एमडी
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) इंडिगो के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) राहुल भाटिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन कंपनियों में स्वामित्व की अनुमति दी जाती है तो इससे “गंभीर हितों का टकराव” पैदा होगा।
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब खबरें हैं कि आठ हवाई अड्डों का संचालन करने वाला अदाणी समूह एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना बना रहा है और सरकार इस संबंध में नियमों में ढील देने पर विचार कर रही है।
भाटिया ने एयरलाइन के पहली तिमाही के वित्तीय परिणामों पर विश्लेषकों के साथ चर्चा के दौरान कहा, ‘‘हम भी वह खबरें पढ़ रहे हैं, जो आप पढ़ रहे हैं। अगर इनमें कोई सच्चाई है तो, एक तो इसका कोई वैश्विक उदाहरण नहीं है और आम तौर पर इससे हितों का बड़ा टकराव पैदा होगा।”
वह हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन कंपनियों में हिस्सेदारी की अनुमति देने संबंधी खबरों पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
इस बीच, सूत्रों ने बताया कि अदाणी समूह ने संबंधित प्राधिकरणों को जून में प्रस्ताव दिया है, जिसमें हवाई अड्डा संचालकों द्वारा एयरलाइंस में हिस्सेदारी रखने से जुड़े नियमों में ढील मांगी गई है।
वर्तमान में हवाई अड्डा संचालकों के लिए एयरलाइंस में हिस्सेदारी रखने पर पाबंदियां हैं। हालांकि, इस प्रस्ताव पर नागर विमानन मंत्रालय या अदाणी समूह की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


