अमेजन भारत में विस्तार के सबसे आक्रामक चरण में: समीर कुमार

Ads

अमेजन भारत में विस्तार के सबसे आक्रामक चरण में: समीर कुमार

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 02:34 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 02:34 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इस समय भारत में अपने अब तक के सबसे आक्रामक विस्तार चरण में है। कंपनी के भारत प्रमुख समीर कुमार ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि कंपनी का पूरा ध्यान दीर्घकालिक रणनीति के तहत बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने पर है।

यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कंपनी ने हाल ही में वर्ष 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश पहले से किए गए 40 अरब डॉलर के निवेश के अतिरिक्त होगा। इसका उद्देश्य कारोबार विस्तार, कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डिजिटलीकरण, निर्यात और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।

कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘अगर आप हमारे निवेश को देखें, तो हम भारत में सबसे बड़े निवेशकों में से एक हैं… अगले पांच वर्षों में 35 अरब डॉलर का निवेश, 80 अरब डॉलर के निर्यात को सक्षम बनाना और 100 शहरों तथा 1,000 सूक्ष्म फुलफिलमेंट केंद्रों के साथ ‘अमेजन नाउ’ में निवेश जारी रखना शामिल है। हम भारत में विस्तार के सबसे आक्रामक चरण में हैं और हम यहां लंबी अवधि के लिए टिकने और जीतने आए हैं।’

उन्होंने बाजार की जटिलताओं और प्रतिस्पर्धा को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कंपनी का पूरा ध्यान उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाने पर है।

उन्होंने कहा कि अमेजन का नेतृत्व इस लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भाषा योगेश अजय

अजय