ग्वालियर दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करना चाहती हैं कई कंपनियां: सिंधिया

Ads

ग्वालियर दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करना चाहती हैं कई कंपनियां: सिंधिया

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 10:10 PM IST

बेंगलुरु, 22 सितंबर (भाषा) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कहा कि कई कंपनियों ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रस्तावित दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करने में रुचि दिखाई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारत को सेवा आधारित अर्थव्यवस्था से उत्पादों का विनिर्माण करने वाला देश बनाना है।

सिंधिया ने यहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा आयोजित निवेशक बैठक में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कई कंपनियों ने ग्वालियर के दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करने में काफी रुचि दिखाई है।’’

अधिकारियों के अनुसार, बैठक का उद्देश्य उद्योग जगत की भागीदारी बढ़ाना और ग्वालियर में स्थापित किए जा रहे एशिया के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना था।

बैठक में दूरसंचार क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख विनिर्माण कंपनियों, प्रौद्योगिकी कंपनियों, इलेक्ट्रॉनिक और कलपुर्जा विनिर्माताओं, निवेशकों, बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने वाली कंपनियों तथा अन्य संबंधित पक्षों ने भाग लिया।

सिंधिया ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और संकल्प के अनुरूप इस यात्रा में सभी निजी क्षेत्र की कंपनियां हमारे साथ मिलकर आगे बढ़ें, ताकि भारत को सेवा आधारित देश से उत्पाद विनिर्माण करने वाला देश बनाया जा सके।’’

उन्होंने कहा कि देश में नवोन्मेष के साथ-साथ उत्पादन भी होना चाहिए और ‘भारत में बनाओ, दुनिया के लिए बनाओ’ की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार ने सिंधिया के प्रयासों से ग्वालियर के लिए दूरसंचार क्षेत्र में एक विशेष परियोजना तैयार की है।

उन्होंने इसे दूरसंचार क्षेत्र में देश का पहला और ‘अलग तरह का’ मॉडल बताया।

यादव ने कहा, ‘‘इस मॉडल के आधार पर हमने सभी निवेशकों के लिए आकर्षक योजनाओं का पैकेज तैयार किया है, जिससे बड़ी संख्या में निवेशक अपने कारोबार को इससे जोड़कर लाभ उठा सकेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आकर्षक नीतियों के कारण निवेशकों को एक रुपये में जमीन देने की तैयारी है। राज्य में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, बेहतर संपर्क सुविधा, बड़ी संख्या में युवा श्रमबल और पर्याप्त भूमि बैंक उपलब्ध है। यही वजह है कि राज्य में विभिन्न प्रकार के निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

अधिकारियों के अनुसार, ग्वालियर में प्रस्तावित दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र 170 एकड़ में विकसित किया जाने वाला एकीकृत औद्योगिक क्षेत्र होगा, जहां कंपनियां तैयार बुनियादी ढांचे के साथ सीधे अपना काम शुरू कर सकेंगी। यहां दूरसंचार विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास और नवोन्मेष से जुड़े काम होंगे।

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए एक विशेष कंपनी गठित की गई है, जिसमें मध्य प्रदेश सरकार की 51 प्रतिशत और दूरसंचार विभाग की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

भाषा रमण अजय

अजय