एसोटेक रियल्टी ने होटल बनाने को एटमॉस्फियर के साथ किया समझौता, 200 करोड़ रुपये होगा निवेश

Ads

एसोटेक रियल्टी ने होटल बनाने को एटमॉस्फियर के साथ किया समझौता, 200 करोड़ रुपये होगा निवेश

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 04:27 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी एसोटेक रियल्टी ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के शिरडी में होटल परियोजना के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय होटल कंपनी एटमॉस्फियर कोर के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। कंपनी इस परियोजना में 200 करोड़ रुपये निवेश करेगी।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम में परियोजना के लिए दोनों कंपनियों ने समझौते किये। समझौते पर एसोटेक रियल्टी के प्रबंध निदेशक नीरज गुलाटी और एटमॉस्फियर कोर के सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक सलिल पाणिग्रही ने हस्ताक्षर किये।

समझौते के तहत एटमॉस्फियर कोर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शिरडी में बनने वाली एसोटेक रियल्टी के होटल ‘सैंडल सुइट’ का संचालन और प्रबंधन करेगी।

यह कंपनी की नोएडा के बाद दूसरी होटल परियोजना है।

एसोटेक के अनुसार, कुल 2.5 एकड़ जमीन पर बन रहे होटल के सभी कमरे सुइट होंगे। होटल परियोजना में कुल 160 सुइट होंगे। इसमें जमीन और निर्माण लागत समेत कुल 200 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

गुलाटी ने कहा, ‘‘परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और इसके 30 महीने में पूरा होने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एटमॉस्फियर कोर के साथ हमारा सहयोग इस विश्वास को दर्शाता है कि आध्यात्मिक स्थलों को सोच-समझकर तैयार किए गए आतिथ्य अनुभव मिलने चाहिए जो उनकी सांस्कृतिक पहचान का सम्मान करते हुए यात्रियों की अपेक्षाओं को पूरा करें।’’

मालदीव में रिजॉर्ट और भारत में हेरिटेज होटल का संचालन करने वाली एटमॉस्फियर कोर के पाणिग्रही ने कहा, ‘‘एसोटेक के साथ हमारा सहयोग हमें अपनी आतिथ्य विशेषज्ञता को ऐसे स्थान पर लाने की अनुमति देता है जहां साल भर मांग रहती है और जिसका सांस्कृतिक महत्व भी बहुत अधिक है।’’

भाषा

रमण अजय

अजय