अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे से एचडीएफसी बैंक में संचालन पर उठे सवाल: सीईओ

Ads

अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे से एचडीएफसी बैंक में संचालन पर उठे सवाल: सीईओ

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 08:13 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) एचडीएफसी बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शशिधर जगदीशन ने शनिवार को कहा कि अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का अचानक इस्तीफा देना बैंक के लिए एक ‘चुनौतीपूर्ण घटना’ रही, जिससे बैंक के संचालन मानकों पर सवाल उठे।

चक्रवर्ती ने कार्यकाल पूरा होने से एक साल से भी अधिक पहले 18 मार्च 2026 को नैतिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। पहली बार बैंक के किसी अंशकालिक चेयरमैन ने कार्यकाल के बीच पद छोड़ा था।

जगदीशन ने बैंक की शनिवार को जारी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि चक्रवर्ती के त्यागपत्र में किए गए उल्लेखों के बाद बैंक के निदेशक मंडल ने मामले की समीक्षा के लिए बाहरी कानूनी फर्मों को नियुक्त किया।

उन्होंने कहा कि बैंक के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (एडीआर) के न्यूयॉर्क शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर की फर्मों को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया।

जगदीशन के अनुसार, 26 जून 2026 को साझा किए गए जांच निष्कर्षों में कहा गया कि इस्तीफे के पत्र में किए गए दावों और उनके निहितार्थों की उपलब्ध अभिलेखों और साक्षात्कारों से पुष्टि नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि बैंक मजबूत कॉरपोरेट संचालन मानकों को और सुदृढ़ करने के लिए अपनी आंतरिक प्रणालियों और नियंत्रण प्रक्रियाओं को लगातार अद्यतन कर रहा है।

जगदीशन ने बैंक के नए अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किए गए राजीव कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि वित्तीय सेवा सचिव और बाद में वित्त सचिव के रूप में उनके अनुभव का बैंक को लाभ मिलेगा।

बैंक के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए जगदीशन ने कहा कि कर्ज, जमा और लाभप्रदता में वृद्धि के साथ बैंक की प्रगति जारी रही है, जबकि परिसंपत्ति गुणवत्ता भी मजबूत बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि बैंक आगे भी जोखिम प्रबंधन ढांचे को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी, विशेषकर एआई के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करेगा।

भाषा प्रेम प्रेम योगेश

योगेश