राजस्थान की कुल प्रजनन दर लक्ष्य के अनुरूप 2.1 है: अधिकारी

Ads

राजस्थान की कुल प्रजनन दर लक्ष्य के अनुरूप 2.1 है: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 08:03 PM IST

जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान की कुल प्रजनन दर 2.1 है, जो जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्षित स्तर के अनुरूप है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विश्व जनसंख्या दिवस पर परिवार कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाली पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों, राजकीय व निजी संस्थाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को राज्यस्तरीय परिवार कल्याण अवार्ड प्रदान किए गए।

इस राज्य स्तरीय समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से जनसंख्या वृद्धि की गति नियंत्रित हुई है।

उन्होंने कहा,‘‘राजस्थान की कुल प्रजनन दर 2.1 है जो जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्षित स्तर के अनुरूप है।’’

उन्होंने कहा कि आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग में भी राजस्थान राष्ट्रीय औसत से आगे है। जहां राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 52.7 प्रतिशत है वहीं राजस्थान में यह 57.1 प्रतिशत है।

उल्लेखनीय है कि कुल प्रजनन दर से मतलब एक महिला द्वारा अपने जीवनकाल में जन्म दिए गए बच्चों की औसत संख्या से है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने इस अवसर कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर उपलब्ध सभी चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक व्यक्ति के लिए यथासमय सुलभ करवाना सुनिश्चित करें।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष