नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शेनू अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वाहन कंपनियां ऊंची जिंस कीमतों के कारण मार्जिन पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से वाहनों की कीमतों में और बढ़ोतरी कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वाहन उद्योग को डीजल, गैसीय ईंधन, विद्युतीकरण और हाइड्रोजन समेत विभिन्न ईंधन विकल्पों के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
अग्रवाल ने कहा कि वाहन उद्योग परिवहन के विद्युतीकरण को और बढ़ावा देने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, कीमतों में बढ़ोतरी और होगी। हालांकि, आप जानते हैं कि ग्राहक या बाजार कितना स्वीकार करेगा, इसकी एक सीमा है।’’
अग्रवाल ने कहा कि कंपनियां बाजार की गति को प्रभावित नहीं करना चाहतीं क्योंकि बाजार में तेजी कई ताकतों और परिस्थितियों से बनती है। इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला काफी सोच-समझकर किया जाएगा।
भाषा योगेश अजय
अजय