मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े बैंक एक्सिस बैंक का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 22.23 प्रतिशत बढ़कर 7,632.31 करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 6,243.72 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़कर 7,114 करोड़ रुपये हो गया।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) आठ प्रतिशत बढ़कर 14,646 करोड़ रुपये हो गई। ऋण वितरण में 19 प्रतिशत की वृद्धि से इसे बल मिला। हालांकि, बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) सालाना आधार पर 3.80 प्रतिशत से घटकर 3.46 प्रतिशत रह गया। जनवरी-मार्च, 2026 तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.73 प्रतिशत था।
बैंक ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में कॉरपोरेट ऋण में 38 प्रतिशत की वृद्धि ने कुल ऋण वृद्धि में सबसे बड़ा योगदान दिया, जबकि खुदरा ऋण में केवल आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई।
पहली तिमाही में शुल्क आय, कारोबार आय और अन्य आय को मिलाकर गैर-ब्याज आय सालाना आधार पर सात प्रतिशत घटकर 6,735 करोड़ रुपये रह गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 7,258 करोड़ रुपये थी। इसका मुख्य कारण कारोबार आय में 62 प्रतिशत की गिरावट रही।
बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) बढ़कर कुल ऋण का 1.28 प्रतिशत रहा जो मार्च तिमाही में 1.23 प्रतिशत था।
समीक्षाधीन तिमाही में कुल प्रावधान घटकर 2,223 करोड़ रुपये रहे, जबकि 2025-26 की समान तिमाही में यह 3,948 करोड़ रुपये था।
भाषा योगेश रमण
रमण