नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड उत्तर प्रदेश में लैक्टो जिप्सम प्रसंस्करण संयंत्र लगाने के लिए 160 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। साथ ही कंपनी प्रवर्तकों और निवेशकों को तरजीही शेयर जारी कर 450 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने उत्तर प्रदेश में अपने नए पॉली लैक्टिक अम्ल (पीएलए) विनिर्माण संयंत्र पर पूंजीगत व्यय भी 230 करोड़ रुपये बढ़ाकर लगभग 3,100 करोड़ रुपये कर दिया है।
बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने उत्तर प्रदेश के कुम्भी में लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से लैक्टो जिप्सम प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने को मंजूरी दे दी है।
प्रस्तावित संयंत्र की स्थापित क्षमता प्रति वर्ष लगभग 76 लाख जिप्सम बोर्ड होगी।
निदेशक मंडल ने तरजीही निर्गम से प्राप्त शुद्ध राशि में से 160 करोड़ रुपये तक इस परियोजना के वित्तपोषण के लिए उपयोग करने को भी मंजूरी दी है।
इसके अलावा, कंपनी के निदेशक मंडल ने 80,000 टन प्रति वर्ष क्षमता वाली पीएलए परियोजना के अनुमानित पूंजीगत व्यय को 2,850 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3,080 करोड़ रुपये करने को मंजूरी दी है।
निदेशक मंडल ने कहा कि परियोजना लागत में यह संशोधन लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत बढ़ने के कारण किया गया है। इसका मुख्य कारण निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि और वैश्विक आपूर्ति शृंखला में बाधाएं हैं।
भाषा राजेश योगेश रमण
रमण