रक्षा मंत्रालय से बीईएमएल को 590 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला

Ads

रक्षा मंत्रालय से बीईएमएल को 590 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 05:50 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 05:50 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीईएमएल लिमिटेड को भारतीय सेना को ‘ट्रॉल असेंबली’ की आपूर्ति के लिए 590 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि इस संबंध में राष्ट्रीय राजधानी में रक्षा मंत्रालय और बीईएमएल के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच औपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए।

बयान के अनुसार, यह अनुबंध भारतीय सेना के ‘टी-72’ और ‘टी-90’ टैंक पर तैनाती के लिए ‘ट्रॉल असेंबली’ की आपूर्ति से जुड़ा है, जिससे देश की रक्षा तैयारियों और स्वदेशी विनिर्माण क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

बीईएमएल ने कहा कि ये ट्रॉल प्रणाली बारूदी सुरंगों को साफ करने की क्षमता से लैस हैं। ये युद्ध क्षेत्र में सुरक्षित रास्ता बनाती हैं, जिससे सेना के टैंक और अन्य वाहन आसानी से आगे बढ़ सकें। इससे सैनिकों की सुरक्षा बढ़ती है, अभियान की गति तेज होती है और आधुनिक युद्ध में सेना को स्पष्ट बढ़त मिलती है।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शांतनु रॉय ने कहा कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ सहयोग देश के रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है और यह ऑर्डर ‘मेक इन इंडिया’ पहल के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।

भाषा योगेश रमण

रमण