बंगाल को मांस निर्यात के लिए पश्चिम एशियाई देशों से साझेदारी की उम्मीद: शीर्ष अधिकारी

Ads

बंगाल को मांस निर्यात के लिए पश्चिम एशियाई देशों से साझेदारी की उम्मीद: शीर्ष अधिकारी

  •  
  • Publish Date - September 15, 2023 / 10:43 PM IST,
    Updated On - September 15, 2023 / 10:43 PM IST

कोलकाता, 15 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार मांस और मांस उत्पादों के निर्यात के लिए पश्चिम एशिया के कई देशों के साथ ‘साझेदारी’ कायम होने की उम्मीद कर रही है। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल पशुधन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक गौरी शंकर कोनेर ने कहा, ‘‘हमने पिछले साल फुटबॉल विश्व कप के दौरान ही कतर को बकरी के मांस का निर्यात शुरू कर दिया था… हमने अगस्त में बहरीन से भी संपर्क किया था, और वहां का एक दल इस महीने बंगाल का दौरा कर सकता है।’’

वह यहां उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल ट्रेड कनेक्ट : एक्सपोर्टर्स एडिशन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कोनेर ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘अगर हमें बहरीन के प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के बाद प्रमाणन मिलता है, तो यह हमारे लिए सऊदी अरब और दुबई सहित छह और देशों के लिए मांस निर्यात का प्रवेश द्वार होगा।… हमारा ध्यान बकरी, भेड़, सुअर और बत्तख के मांस निर्यात पर है।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को पिछले साल कतर से 1.2 टन मांस का अनुबंध मिला था, जिसे कई खेप में भेजा जा रहा है।

कोनेर ने कहा कि सिंगापुर, बैंकॉक और भूटान की कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी मूल्यवर्धित मांस उत्पादों में रुचि दिखाई है।

भाषा राजेश अनुराग प्रेम

प्रेम