बर्जर पेंट्स का चौथी तिमाही का मुनाफ़ा 27 प्रतिशत बढ़कर 335 करोड़ रुपये पर

Ads

बर्जर पेंट्स का चौथी तिमाही का मुनाफ़ा 27 प्रतिशत बढ़कर 335 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 07:32 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) बर्जर पेंट्स इंडिया लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 27.52 प्रतिशत बढ़कर 335.25 करोड़ रुपये रहा है। इसमें उत्पाद मिश्रण में सुधार और कच्चे माल की कीमतों में नरमी का योगदान रहा।

बर्जर पेंट्स इंडिया ने एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 262.91 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 2,868.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 2,704.03 था। कुल खर्च 2,380.55 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 2,499 करोड़ रुपये हो गया।

बर्जर पेंट्स इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिजीत रॉय ने कहा, ‘‘पिछली तिमाही में मांग में जो लगातार सुधार देखा गया था, वह चौथी तिमाही में भी जारी रहा। इससे इस तिमाही में 11.8 प्रतिशत की अच्छी मात्रा वृद्धि हासिल करने में मदद मिली। इस वृद्धि को उत्पादों के मिश्रण में गुणात्मक सुधार और कच्चे माल की कीमतों में नरमी से भी समर्थन मिला…।’’

कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 1,128.02 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 1,182.81 करोड़ रुपये था।

बर्जर पेंट्स ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर चार रुपये का लाभांश देने की सिफारिश की है। इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी ली जानी है।

इसके अलावा, बोर्ड ने अभिजीत रॉय को प्रबंध निदेशक और सीईओ के तौर पर फिर से नियुक्त करने को मंज़ूरी दे दी है। उनकी यह नियुक्ति एक जुलाई, 2027 से अगले चार साल के लिए प्रभावी होगी, जो 30 जून, 2027 को उनके मौजूदा कार्यकाल के पूरा होने के बाद शुरू होगी।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय