नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) सरकारों और नागरिकों के लिए प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाएं देने वाली कंपनी बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 33.1 प्रतिशत बढ़कर 170 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इस मजबूत प्रदर्शन के बीच अपने शेयरधारकों के लिए अब तक के सबसे बड़े अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।
कंपनी का गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में शुद्ध लाभ 127.7 करोड़ रुपये रहा था।
बीएलएस इंटरनेशनल ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय 43.6 प्रतिशत बढ़कर 736 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 512.5 करोड़ रुपये थी। आय में यह वृद्धि मुख्य रूप से वीजा, दूतावास संबंधी और डिजिटल सेवाओं में आए उछाल के कारण हुई है।
कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 200 प्रतिशत यानी दो रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है। इस लाभांश भुगतान पर कंपनी कुल 82.35 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक शिखर अग्रवाल ने कहा, ‘‘कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में निरंतर मजबूत प्रदर्शन किया है। इस अवधि का प्रदर्शन लगभग पूरे वित्त वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन के बराबर है। 200 प्रतिशत लाभांश की घोषणा हमारे मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और दीर्घकालिक विकास रणनीति पर भरोसे को दर्शाती है।’’
कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कर पूर्व आय (एबिटा) भी सालाना आधार पर 25.3 प्रतिशत बढ़ी है, जो परिचालन दक्षता और अनुशासित लागत प्रबंधन का परिणाम है।
भाषा
सुमित अजय
अजय