Guest Teacher Salary Hike. Image Source- IBC24
नई दिल्ली। Govt Employees News केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए होली से पहले अच्छी खबर आने की संभावना है। महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2-2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा जारी AICPI-IW के ताजा आंकड़ों के बाद इस बढ़ोतरी की अटकलें तेज हो गई हैं।
दिसंबर 2025 के लिए AICPI-IW इंडेक्स 148.2 दर्ज किया गया है। इसके आधार पर पिछले 12 महीनों का औसत 145.54 बनता है, जिससे DA की गणना करीब 60.33 प्रतिशत तक पहुंच रही है। फिलहाल कर्मचारियों को 58 प्रतिशत DA मिल रहा है। ऐसे में सरकार इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर सकती है। सरकार आमतौर पर जनवरी से लागू होने वाले DA की घोषणा मार्च महीने में करती है। इस बार भी फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में फैसला संभव है। चूंकि होली 4 मार्च को है, इसलिए कर्मचारियों और पेंशनर्स को त्योहार से पहले DA बढ़ोतरी का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
यदि DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है तो 20 हजार रुपये बेसिक वेतन वाले कर्मचारियों को हर महीने लगभग 400 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं 30 हजार रुपये बेसिक वेतन पर करीब 600 रुपये और 1 लाख रुपये बेसिक वेतन पाने वालों की सैलरी में लगभग 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। पेंशनर्स को भी समान दर से महंगाई राहत का फायदा मिलेगा। गौरतलब है कि 7वें वेतन आयोग की अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक DA की गणना मौजूदा व्यवस्था के तहत ही की जा रही है। बढ़ती महंगाई के बीच यह संभावित बढ़ोतरी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है।