नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में अपनी पांच प्रतिशत तक हिस्सेदारी ‘बिक्री पेशकश’ (ओएफएस) के जरिये बेचेगी। यह बिक्री प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी और इसके लिए न्यूनतम मूल्य (फ्लोर प्राइस) 254 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा, ‘‘सरकार बीएचईएल में तीन प्रतिशत शेयरों के विनिवेश की पेशकश कर रही है, जिसमें दो प्रतिशत का ‘ग्रीन शू’ विकल्प भी शामिल है।’’
यह निर्गम बुधवार को गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा, जबकि खुदरा निवेशक बृहस्पतिवार को बोली लगा सकेंगे।
यदि इस विनिवेश को न्यूनतम मूल्य पर पूरी तरह अभिदान (सब्सक्राइब) मिलता है, तो 17.41 करोड़ शेयरों यानी पांच प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री से सरकार को 4,422 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। न्यूनतम मूल्य (254 रुपये) बीएसई पर बीएचईएल के मंगलवार के बंद भाव 276.05 रुपये से करीब आठ प्रतिशत कम है।
मूल निर्गम का आकार 10.44 करोड़ से अधिक शेयरों यानी तीन प्रतिशत हिस्सेदारी का है। इसमें 6.96 करोड़ से अधिक शेयरों (दो प्रतिशत) का ‘ग्रीन शू’ विकल्प भी रखा गया है।
वर्तमान में बीएचईएल में सरकार की 63.17 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मंगलवार को बीएसई पर बीएचईएल का शेयर पिछले बंद भाव के मुकाबले 0.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 276.05 रुपये पर बंद हुआ।
चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार ने सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) के विनिवेश से 8,768 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय