नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) दो चरणों में पांच लाख इलेक्ट्रिक चूल्हे खरीदने के लिए नई निविदा जारी करने की योजना बना रही है। इलेक्ट्रिक चूल्हे और खाना पकाने के अन्य उपकरणों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण एलपीजी और देश की प्राकृतिक गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण है।
सूत्रों ने बताया कि ईईएसएल ने हाल ही में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक लाख इंडक्शन (इलेक्ट्रिक) चूल्हे के लिए निविदा जारी की है। इसके साथ विभिन्न राज्य सरकारों और ग्राहकों से मिली शुरुआती प्रतिक्रिया के बाद इंडक्शन-चूल्हे के लिए उपयुक्त बर्तनों के लिए भी निविदा जारी की है।
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘वर्तमान बाजार में मांग की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए, ईईएसएल मौजूदा विक्रेता की मात्रा की खपत के बाद पांच लाख से अधिक इकाइयों के लिए एक नई निविदा जारी करने की योजना बना रही है।’’
ईईएसएल ने 2023 में राष्ट्रीय ‘इलेक्ट्रिक कुकिंग प्रोग्राम’ (एनईसीपी) शुरू किया था।
हाल ही में, होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान के कारण एलपीजी की कमी के बीच इलेक्ट्रिक चूल्हे की कीमतों में भारी उछाल आया है।
ईईएसएल ने कीमतों को स्थिर रखते हुए इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कदम उठाया है।
कंपनी अपने राष्ट्रीय कुशल खाना पकाने के कार्यक्रम के माध्यम से ‘इलेक्ट्रिक कुकिंग’ को बढ़ावा दे रही है। यह कार्यक्रम उजाला और ग्राम उजाला जैसे सरकार द्वारा प्रायोजित कार्बन-बचत कार्यक्रमों के अनुभव पर आधारित है।
राष्ट्रीय कुशल खाना पकाने का कार्यक्रम (एनईसीपी) भारत सरकार के ‘गो-इलेक्ट्रिक’ अभियान के तहत एक प्रमुख पहल है। इसे दो नवंबर, 2023 को शुरू किया गया था।
भाषा रमण अजय
अजय