बजट का आकार तीन गुना बढ़ा, विकास को गति देने और लोगों के उत्थान का लक्ष्य: मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

बजट का आकार तीन गुना बढ़ा, विकास को गति देने और लोगों के उत्थान का लक्ष्य: मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 12:30 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 12:30 PM IST

गुवाहाटी, 10 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के बजट का आकार तीन गुना होकर 2,00,782 करोड़ रुपये हो गया है और निधियों के उपयोग की दर 85 प्रतिशत हो गई है।

असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ला बरुआ के अपना पहला बजट पेश किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि राज्य आर्थिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह बजट विकास को गति देने और लोगों के उत्थान के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

शर्मा ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2025-26 में हमारे बजट का आकार तीन गुना होकर 2,00,782 करोड़ रुपये हो गया है। सभी आर्थिक संकेतक सकारात्मक रुख दिखा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2015-16 के 60,817 रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1,85,429 रुपये हो गई है, जबकि असम का अपना कर राजस्व बढ़कर 39,294 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

बरुआ ने कहा कि राज्य का बजट वित्तीय अनुशासन, समावेशी विकास और प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता से प्रेरित है।

उन्होंने कहा कि यह बजट पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ (चुनावी वादों) पर आधारित है और एक मजबूत, आत्मनिर्भर तथा विकसित असम की नींव रखता है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ आज मुझे मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में असम बजट 2026 पेश करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।’’

भाषा निहारिका

निहारिका