नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) कैबिनेट सचिवालय ने सभी मंत्रालयों और विभागों के सचिवों से कहा है कि वे अपने-अपने कार्यालयों द्वारा किए जाने वाले प्रमुख सुधारों के बारे में संक्षिप्त नोट जमा कराएं। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि मंत्रालयों और विभागों को ये नोट या टिप्पणियां 17 मार्च तक सचिवालय में जमा करानी होंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी सचिवों से लागू किए गए और किए जाने वाले बड़े सुधारों पर नोट जमा करने का अनुरोध किया गया है।’’
सरकार ने देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने और नागरिकों के लिए जीवन को सुगम बनाने को कई कदम उठा रही है।
पिछले महीने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि सरकार की ‘सुधार एक्सप्रेस’ से आम नागरिकों को बड़ा फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगले दशक के लिए उनकी तीन सुधार प्राथमिकताएं लगातार संरचनात्मक सुधार, नवोन्मेषण को बढ़ाना और कामकाज के संचालन को आसान बनाना हैं।
भाषा अजय अजय
अजय