मुंबई, 26 जून (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की अवसंरचना संबंधी उपसमिति ने नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण के उत्तरी गलियारे को कान्हान नदी से कान्हान टाउन तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1.4 किलोमीटर लंबे ‘एलिवेटेड कॉरिडोर’ की अनुमानित लागत 310.35 करोड़ रुपये है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (महा-मेट्रो) द्वारा तैयार इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली अवसंरचना संबंधी उपसमिति ने बृहस्पतिवार को मंजूरी दी।
इस विस्तार परियोजना के तहत कान्हान टाउन में एक ‘एलिवेटेड’ मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा।
‘एलिवेटेड’ मेट्रो जमीन से ऊपर खंभों पर बने पुल (वायाडक्ट) पर चलती है।
प्रस्ताव के अनुसार, कान्हान टाउन की आबादी लगभग 35,000 है और प्रतिदिन करीब 5,000 से 6,000 लोग नागपुर से यहां आवागमन करते हैं।
इस विस्तार से केवल कान्हान ही नहीं बल्कि रामटेक, टेकड़ी, कांद्री माइंस, नगरधन, गोंडेगांव माइंस और मौदा सुपर थर्मल पावर परियोजना तक भी बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस विस्तार से अंततः प्रतिदिन लगभग 20,000 अतिरिक्त यात्रियों को लाभ मिलेगा।
परियोजना के वित्तपोषण में केंद्र और महाराष्ट्र सरकार की ओर से 39.88-39.88 करोड़ रुपये की इक्विटी हिस्सेदारी होगी। इसके अलावा, केंद्र और महाराष्ट्र सरकार बिना ब्याज वाला अधीनस्थ ऋण (सबऑर्डिनेट डेट) भी उपलब्ध कराएंगी। वहीं, लगभग 155.18 करोड़ रुपये रियायती दर पर उपलब्ध बहुपक्षीय ऋण से जुटाए जाएंगे।
भाषा निहारिका
निहारिका