पहली तिमाही में यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र सबसे आगे : सियाम

Ads

पहली तिमाही में यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र सबसे आगे : सियाम

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 02:58 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 02:58 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) देश में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 12.74 लाख यात्री वाहन बिके। पश्चिमी क्षेत्र 3.9 लाख वाहनों की बिक्री के साथ सबसे आगे रहा। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक यात्री एवं वाणिज्यिक वाहन बिके जबकि दोपहिया तथा तिपहिया वाहनों की बिक्री में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1,47,440 यात्री वाहन बिके। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 1,35,329, गुजरात में 98,785, कर्नाटक में 98,315 और तमिलनाडु में 96,327 यात्री वाहन बेचे गए।

वाणिज्यिक वाहन श्रेणी में देश में 2.65 लाख वाहन बिके। इस श्रेणी में भी पश्चिमी क्षेत्र 91,000 वाहनों की बिक्री के साथ सबसे आगे रहा। समीक्षाधीन अवधि में महाराष्ट्र 36,433 वाहनों की बिक्री के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद तमिलनाडु में 24,743, कर्नाटक में 21,830, गुजरात में 21,778 और उत्तर प्रदेश में 21,161 वाणिज्यिक वाहन बिके।

सियाम के अनुसार, पहली तिमाही में देश में 56.29 लाख दोपहिया वाहन बिके। पश्चिमी क्षेत्र 16.61 लाख वाहनों की बिक्री के साथ सबसे आगे रहा।

उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 8,82,047 दोपहिया वाहन बिके। इसके बाद महाराष्ट्र में 5,61,738, तमिलनाडु में 4,80,653, कर्नाटक में 3,74,221 और बिहार में 3,69,302 दोपहिया वाहन बिके।

उद्योग निकाय के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून अवधि में देश में 2.14 लाख तिपहिया वाहन बिके। दक्षिणी क्षेत्र 71,000 वाहनों की बिक्री के साथ सबसे आगे रहा।

सियाम के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 25,669 तिपहिया वाहन बिके। इसके बाद गुजरात में 20,534, कर्नाटक में 19,192, बिहार में 15,653 और असम में 15,223 तिपहिया वाहन बिके।

भाषा निहारिका अजय

अजय