अमेरिकी शुल्क घटने का कालीन निर्यात संवर्द्धन परिषद ने किया स्वागत

Ads

अमेरिकी शुल्क घटने का कालीन निर्यात संवर्द्धन परिषद ने किया स्वागत

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 10:13 PM IST

भदोही (उप्र), तीन फरवरी (भाषा) कालीन निर्यात संवर्द्धन परिषद ने अमेरिका द्वारा शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किये जाने का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे कालीन उद्योग से जुड़े 25 लाख बुनकरों को फायदा मिलेगा।

परिषद के अध्यक्ष कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने मंगलवार को बयान में कहा कि जहां एक तरफ भारत द्वारा यूरोपीय संघ और ब्रिटेन से मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) किये जाने से आंशिक राहत मिली है, वहीं अब अमेरिकी शुल्क में हुई कटौती ने अभूतपूर्व खुशी दी है।

उन्होंने परिषद की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का आभार जताया।

परिषद के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने कहा कि कालीन उद्योग वित्त वर्ष का समापन बहुत ही सकारात्मक स्थिति में कर रहा है और नए वित्त वर्ष में प्रवेश करते वक़्त प्रमुख नीतिगत बिंदु मजबूती से पूरे हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि परिषद सकारात्मक प्रभाव की आशा करता है और दो अरब डालर के निर्यात से देश के कालीन उद्योग से जुड़े 25 लाख बुनकरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

महबूब ने कहा कि भारत-ब्रिटेन, भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौतों से जुड़ी संभावनाओं तथा प्रक्रियात्मक पहलुओं से परिचित कराने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर इन समझौते के लाभ प्रभावी रूप से जमीनी स्तर तक लोगों को पहुंचाने का वृहद प्रयास किया जाएगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार अजय

अजय