चेन्नई, 10 फरवरी (भाषा) मुरुगप्पा समूह की कंपनी चोलामंडलम फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड (सीएफएचएल) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 27 प्रतिशत बढ़कर 1,386 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में शुद्ध लाभ 1,093 करोड़ रुपये रहा था।
चेन्नई मुख्यालय वाली इस कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में उसकी कुल आय 17 प्रतिशत बढ़कर 10,084 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 8,593 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने बताया कि 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त नौ महीने की अवधि के लिए उसका शुद्ध लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 3,860 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 3,378 करोड़ रुपये था। इसी अवधि (अप्रैल-दिसंबर) में कुल आय 19 प्रतिशत बढ़कर 29,056 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 24,451 करोड़ रुपये थी।
अनुषंगी कंपनियों के प्रदर्शन के बारे में कंपनी ने कहा कि सामान्य बीमा व्यवसाय से जुड़ी चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का ‘सकल रिटर्न प्रीमियम’ (जीडब्ल्यूपी) तीसरी तिमाही में 2,361 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 2,175 करोड़ रुपये था।
चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी लिमिटेड, जिसमें सीएफएचएल की 44.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है, ने समीक्षाधीन तिमाही के दौरान 29,962 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए। पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 25,806 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि उसके संयुक्त उद्यम चोलामंडलम एमएस रिस्क सर्विसेज लिमिटेड की कुल आय तीसरी तिमाही में बढ़कर 26.47 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 21.46 करोड़ रुपये थी।
भाषा सुमित अजय
अजय