वाशिंगटन, 27 अगस्त (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच भारत और कनाडा के बीच करीबी आर्थिक सहयोग का महत्व बढ़ गया है।
सीतारमण ने भारत-कनाडा के बीच टोरंटो में पहले आर्थिक एवं वित्तीय संवाद के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी से जुझारू, टिकाऊ और समावेशी अर्थव्यवस्थाओं के निर्माण में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर व्यापक बदलाव हो रहे हैं और भू-राजनीतिक एवं आर्थिक परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि आर्थिक एवं वित्तीय संवाद से दोनों देशों की यह साझा महत्वाकांक्षा सामने आई है कि वस्तु एवं सेवा व्यापार से आगे बढ़कर निवेश, वित्त, पूंजी बाजार और नियामकीय सहयोग सहित व्यापक आर्थिक साझेदारी विकसित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है, जिससे संबंधों को नई गति और रणनीतिक दिशा मिली है।
सीतारमण की कनाडा के वित्त मंत्री फ्रांसुआ-फिलिप शांपेन के साथ हुई बातचीत में दोनों देशों के व्यापक आर्थिक घटनाक्रम और घरेलू नीतिगत प्राथमिकताओं, वित्तीय क्षेत्र में व्यावहारिक सहयोग तथा साझा हितों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय एवं बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
वित्तीय क्षेत्र में सहयोग के तहत सीमापार भुगतान, वित्तीय स्थिरता, वित्तीय प्रौद्योगिकी और पूंजी बाजार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। सीतारमण ने कहा कि दोनों देशों की वित्तीय प्रणालियों के बीच सहयोग बढ़ाने और व्यापार, निवेश तथा धन अंतरण के प्रवाह को सुगम बनाने की काफी संभावनाएं हैं।
दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा सुरक्षा समेत साझा हितों वाले अन्य क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा की।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय