कोल इंडिया की कोयला आपूर्ति अगस्त में 5.5 प्रतिशत बढ़ी

Ads

कोल इंडिया की कोयला आपूर्ति अगस्त में 5.5 प्रतिशत बढ़ी

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 07:18 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की कोयला आपूर्ति अगस्त, 2026 में सालाना आधार पर 5.5 प्रतिशत बढ़कर 6.06 करोड़ टन हो गई।

कंपनी ने पिछले साल अगस्त में 5.74 करोड़ टन कोयले की आपूर्ति की थी।

कोल इंडिया ने मंगलवार को बयान में कहा कि गैर-विनियमित क्षेत्र (एनआरएस) को कोयले की आपूर्ति अगस्त में 9.6 प्रतिशत बढ़कर 1.21 करोड़ टन हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में यह 1.10 करोड़ टन थी।

कंपनी की कुल कोयला आपूर्ति चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त तक पांच महीनों के दौरान 6.70 प्रतिशत वृद्धि के साथ 32.29 करोड़ टन रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 30.26 करोड़ टन थी।

कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में अधिक आपूर्ति से खदान के मुहाने पर जमा करीब 5.5 करोड़ टन कोयला भंडार को खपाने में भी मदद मिली।

कोल इंडिया के खदान के मुहाने पर फिलहाल करीब 7.6 करोड़ टन कोयला उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि यह भंडार आने वाले महीनों में बिजली उत्पादन की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

कोल इंडिया की देश के कुल कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है।

बीएसई को अलग से दी गई जानकारी में कोल इंडिया ने बताया कि अगस्त में उसका उत्पादन 5.72 प्रतिशत घटकर 4.75 करोड़ टन रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के इसी माह में 5.04 करोड़ टन था।

कंपनी का कोयला उत्पादन चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त तक पांच महीनों के दौरान 26.75 करोड़ टन रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.50 प्रतिशत कम है।

सीआईएल ने चालू वित्त वर्ष के लिए 81.5 करोड़ टन कोयला उत्पादन और 85 करोड़ टन कोयला उठाव का लक्ष्य रखा है।

भाषा यासिर अजय

अजय