नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) अमेरिका-ईरान के बीच समझौते की संभावना और भू-राजनीतिक तनाव कम होने से लंबे समय तक आपूर्ति में रुकावट की आशंका कम होने के बीच कच्चा तेल शुक्रवार को वायदा कारोबार में दो प्रतिशत से थोड़ा अधिक गिरकर 8,396 रुपये प्रति बैरल रह गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का मई माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 180 रुपये यानी 2.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,396 रुपये प्रति बैरल रह गया।
चॉइस ब्रोकिंग में तकनीकी शोध विभाग (जिंस) की कावेरी मोरे ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर उम्मीद जताने के बाद कच्चा तेल वायदा कीमतों में गिरावट आई, जिससे लंबे समय से आपूर्ति में रुकावटों को लेकर चिंता कम हुई है।’’
ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को छोड़ने, होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और ‘मुफ्त तेल’ देने जैसी शर्तें मान सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, पश्चिम एशिया में संघर्ष का जल्द ही समाधान निकलने की उम्मीद जगने से कच्चा तेल वायदा भाव 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया।
वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल के मई डिलीवरी अनुबंध की कीमत 1.02 प्रतिशत गिरकर 93.72 डॉलर प्रति बैरल रह गई जबकि ब्रेंट क्रूड के जून डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत करीब एक प्रतिशत घटकर 98.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम