मजबूत वैश्विक संकेतों से कच्चे तेल के वायदा भाव में तेजी
मजबूत वैश्विक संकेतों से कच्चे तेल के वायदा भाव में तेजी
नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) अमेरिका द्वारा ईरान के नजदीक जलडमरूमध्य के करीब यातायात बहाल करने की संभावनाओं को तलाशे जाने के बावजूद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से आपूर्ति जोखिम से वायदा कारोबार में सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 119 रुपये की तेजी के साथ 9,171 रुपये प्रति बैरल हो गयी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का मार्च माह में डिलिवरी वाला अनुबंध 119 रुपये या 1.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,171 रुपये प्रति बैरल हो गया। इसमें 12,745 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
इसी प्रकार, कच्चे तेल का अप्रैल अनुबंध 164 रुपये या 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,107 रुपये प्रति बैरल हो गया। इसमें 12,898 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि आपूर्ति संबंधी चिंताओं के चलते कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं, क्योंकि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने कच्चे तेल के प्रवाह को बाधित कर दिया है।
वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड के मई डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 2.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.96 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का दाम 2.36 प्रतिशत बढ़कर 99.13 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


