वायदा कारोबार में कच्चे तेल के दाम चार प्रतिशत से अधिक टूटे
वायदा कारोबार में कच्चे तेल के दाम चार प्रतिशत से अधिक टूटे
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) वायदा कारोबार में सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। यह गिरावट वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली के रुझान के चलते हुई, जिसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच किसी संभावित समझौते को लेकर बढ़ रही उम्मीदें थीं। माना जा रहा है कि इस समझौते से होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने का रास्ता साफ हो सकता है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का जून माह में डिलिवरी वाला अनुबंध 412 रुपये या 4.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,756 रुपये प्रति बैरल रह गया। इसमें 13,313 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल की आपूर्ति बहाल होने की उम्मीदों के चलते कच्चे तेल की कीमतें नीचे आ गईं।
खबरों के अनुसार, ईरान और अमेरिका अपने दो महीने से अधिक समय से चले आ रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक रूपरेखा पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, इस संभावित समझौता में अभी तक होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल 5.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.53 डॉलर प्रति बैरल रह गया जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 4.80 डॉलर या 4.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.41 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


