नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) खुदरा शृंखला डी-मार्ट का संचालन करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 11.33 प्रतिशत बढ़कर 860.44 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 772.81 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी परिचालन आय अप्रैल-जून तिमाही में 14.9 प्रतिशत बढ़कर 18,794.53 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 16,359.70 करोड़ रुपये थी।
पारंपरिक स्टोर व्यवसाय के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंशुल असावा ने कहा कि दो साल या उससे अधिक पुराने डी-मार्ट स्टोरों की वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 5.5 प्रतिशत रही, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में यह 7.1 प्रतिशत थी।
उन्होंने कहा, ‘बड़े महानगरों में पुराने स्टोरों की वृद्धि दर इस तिमाही में स्थिर रही, जहां प्रति वर्ग फुट राजस्व काफी अधिक है। हालांकि, छोटे शहरों में स्टोरों की वृद्धि अच्छी बनी हुई है।’
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम