कोलंबो, 11 जुलाई (भाषा) श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने भारत से आए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय व्यापार सात अरब डॉलर के पार पहुंच गया है।
झा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के 31 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जो आठ से 10 जुलाई तक श्रीलंका की यात्रा पर था।
उन्होंने कहा कि बैठक में भारतीय निर्यात के विस्तार की संभावनाओं, द्विपक्षीय व्यापार साझेदारी को और मजबूत करने तथा बेहतर आपूर्ति शृंखला विकसित करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
भारतीय उच्चायुक्त ने वाणिज्य विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और श्रीलंका के बीच वस्तु व्यापार करीब 7.2 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में श्रीलंका का भारत को निर्यात करीब 160 प्रतिशत बढ़ा है।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम