(अर्थ 43 के शीर्षक और इंट्रो में सुधार के साथ)
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनी डाबर इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 15.3 प्रतिशत बढ़कर 586.16 करोड़ रुपये हो गया।
डाबर इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में बुधवार को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 508.29 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 10.56 प्रतिशत बढ़कर 3,764.39 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,404.58 करोड़ रुपये थी।
जून तिमाही में डाबर इंडिया का कुल खर्च 10.23 प्रतिशत बढ़कर 3,180.80 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की कुल आय 10.9 प्रतिशत बढ़कर 3,936.95 करोड़ रुपये हो गई।
डाबर इंडिया के वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘डाबर के लिए यह लगातार तीसरी तिमाही है, जिसमें दहाई अंक की लाभ वृद्धि दर्ज की गई है।’’
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की घरेलू कारोबार से जुड़ी एकल परिचालन आय 8.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,687.34 करोड़ रुपये हो गई।
बीएसई पर डाबर इंडिया का शेयर बुधवार को 2.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 433.45 रुपये पर बंद हुआ।
भाषा यासिर अजय अजय
अजय