नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) एयर-कंडीशनर बनाने वाली कंपनी डाइकिन इंडिया अप्रैल से कीमतों में 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने वाली है, क्योंकि कच्चे माल की लागत और आपूर्ति श्रृंखला का खर्च बढ़ गया है।
डाइकिन इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘अप्रैल 2026 से, डाइकिन इंडिया कच्चे माल की लागत और आपूर्ति श्रृंखला के खर्च में लगातार बढ़ोतरी को कम करने के लिए अपनी सभी उत्पाद श्रृंखला में कीमतों में 7-12 प्रतिशत की वृद्धि करेगी।’’
इस महीने की शुरुआत में, टाटा समूह की कंपनी वोल्टास ने कहा था कि उसे उम्मीद है कि इस साल तांबे की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से रूम एयर-कंडीशनर की कीमतें 5-15 प्रतिशत बढ़ेंगी।
साल 2025 रूम एयर-कंडीशनर उद्योग के लिए अच्छा नहीं था, क्योंकि बेमौसम बारिश और दूसरे कारणों से बिक्री पर असर पड़ा था। उद्योग ने उससे एक साल पहले वर्ष 2024 में बहुत अच्छी वृद्धि की थी, उस साल देश के कई हिस्सों में तेज़ गर्मी पड़ी थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल रूम एयर-कंडीशनर कारोबारियों के बीच कड़ा मुकाबला होगा, जहां विनिर्माता, बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए मुकाबला करेंगे।
भारतीय रूम एयर-कंडीशनर बाजार लगभग 1.35 करोड़ इकाई का होने का अनुमान है, जिसमें वोल्टास, एलजी, डाइकिन, ब्लूस्टार, पैनासोनिक और लॉयड इत्यादि जैसी कंपनियां मुकाबला करती हैं।
जापान की बहुराष्ट्रीय कंपनी डाइकिन इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी डाइकिन इंडिया ने शुक्रवार को अपने 2026 के लिए उत्पादों की श्रृंखला की घोषणा की।
डाइकिन इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक, कंवलजीत जावा ने कहा, ‘‘वर्ष 2026 श्रृंखला में 60 से ज़्यादा मॉडल हैं, जो नवाचार की हमारी जापानी विरासत को सही मायने में दिखाते हैं, जिसे भारतीय ज़रूरतों के हिसाब से सोच-समझकर बनाया गया है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय