दिल्ली सरकार ने कहा, राजधानी में ईंधन की आपूर्ति सामान्य, जमाखोरी के खिलाफ चेतावनी

Ads

दिल्ली सरकार ने कहा, राजधानी में ईंधन की आपूर्ति सामान्य, जमाखोरी के खिलाफ चेतावनी

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 09:24 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को जनता को आश्वस्त किया कि शहर में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पाइपलाइन से आने वाली प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सामान्य है तथा उनसे घबराकर खरीदारी या जमाखोरी नहीं करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और अधिकारी एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़ी निगरानी कर रहे हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग ने सुगम बुकिंग की सुविधा और अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को तैनात किया है। प्रवर्तन दल कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़ी नजर रख रहे हैं।’’

बयान में यह भी कहा गया कि रेस्तरां और भोजनालयों में व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सरकार समय के साथ वाणिज्यिक एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय कर रही है।

दिल्ली सरकार ने जनता से ईंधन आपूर्ति श्रृंखला में समस्या की ‘अफवाहों’ पर ध्यान न देने का भी आग्रह किया है।

इंद्रप्रस्थ गैस लि. (आईजीएल) के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पीएनजी में घरेलू आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और प्राकृतिक गैस के आवंटन में घरेलू और परिवहन क्षेत्र (सीएनजी) के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

बयान के अनुसार, ‘‘इसके अलावा, पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से चल रही है।’’

सरकार ने लोगों को यह भी सूचित किया है कि एलपीजी भराने के लिए बुकिंग की न्यूनतम अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।

बयान में कहा गया, ‘‘इस संशोधन के बावजूद, उपभोक्ताओं को बुकिंग की तारीख से औसतन दो से तीन दिन के भीतर भरा हुआ सिलेंडर मिल रहा है…।’’

भाषा रमण अजय

अजय