नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) डाक विभाग ने सोमवार को डाक सामग्रियों के वर्गीकरण पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि लिखित, मुद्रित सामग्री और बिना पुनर्विक्रय मूल्य वाली उपहार सामग्री के पैकेट पत्र की श्रेणी में आएंगे, जबकि अन्य सभी वस्तुओं को पार्सल की श्रेणी में रखा जाएगा।
डाक विभाग ने एक अधिसूचना में कहा कि बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा क्षेत्र से जुड़े सामान जैसे स्वागत किट, पत्र, पासबुक, चेक बुक, बैंक विवरण, प्लास्टिक कार्ड, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड को पत्र की श्रेणी में रखा जाएगा।
इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे सरकारी दस्तावेज भी पत्र की श्रेणी में आएंगे।
वहीं, राखी के लिफाफे या पैकेट, शुभकामना कार्ड जैसे 500 ग्राम तक के सामान भी इस श्रेणी में होंगे, बशर्ते वे व्यापारिक या वाणिज्यिक वस्तुएं न हों।
अधिसूचना के मुताबिक, नोट-1 में बताए गए सामान को छोड़कर अन्य सभी वस्तुओं को पार्सल श्रेणी के तहत भेजा जाएगा।
इसके साथ, विभाग ने खुदरा और थोक ग्राहकों के लिए 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं की दरें भी अधिसूचित की हैं। नई सेवाओं में क्रमश: 24 घंटे और 48 घंटे के भीतर पैकेट पहुंचाने का प्रावधान है।
खुदरा ग्राहकों के लिए मौजूदा सेवा दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन पत्र श्रेणी में थोक बुकिंग के लिए नई दरें जारी की गई हैं।
थोक ग्राहकों के लिए 24 घंटे वाली स्पीड पोस्ट सेवा का शुल्क 38 रुपये से 100 रुपये और 48 घंटे वाली सेवा का शुल्क 48 रुपये से 72 रुपये प्रति वस्तु होगा।
अब 24 स्पीड पोस्ट के तहत खुदरा ग्राहकों के लिए वजन और गंतव्य की दूरी के आधार पर प्रति वस्तु शुल्क 38 रुपये से लेकर 186 रुपये तक होगा। ये दरें एक अगस्त से प्रभावी होंगी।
वहीं, 50 ग्राम से कम वजन वाले पत्र के लिए स्थानीय डिलिवरी शुल्क 38 रुपये और देशभर में डिलिवरी के लिए 94 रुपये प्रति वस्तु (जीएसटी को छोड़कर) होगा।
अधिसूचना के मुताबिक, 51-250 ग्राम वजन वाले पत्रों के लिए शुल्क 118 रुपये से 154 रुपये और 251-500 ग्राम वजन वाले पत्रों के लिए शुल्क 140 रुपये से 186 रुपये तक होगा।
वहीं, 48 स्पीड पोस्ट सेवा के लिए खुदरा ग्राहकों को वजन और गंतव्य के आधार पर 61 रुपये से लेकर 121 रुपये प्रति वस्तु तक भुगतान करना होगा।
फिलहाल 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाएं केवल छह शहरों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में ही उपलब्ध हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय