धूत ट्रांसमिशन ने आईपीओ के लिए सेबी के पास मसौदा दस्तावेज जमा किए

Ads

धूत ट्रांसमिशन ने आईपीओ के लिए सेबी के पास मसौदा दस्तावेज जमा किए

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 03:42 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) वाहन कलपुर्जा विनिर्माता धूत ट्रांसमिशन ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के समक्ष अद्यतन मसौदा दस्तावेज जमा किए हैं।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास शुक्रवार को जमा किए गए आईपीओ दस्तावेज के मुताबिक, प्रस्तावित निर्गम के तहत 1,400 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रवर्तक और मौजूदा शेयरधारक 1.63 करोड़ तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।

ओएफएस के तहत अमेरिका की बैन कैपिटल अपनी सहयोगी कंपनी बीसी एशिया इंवेस्टमेंट्स एक्सवी लिमिटेड के माध्यम से लगभग 1.32 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी, जबकि मंगलम कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में मंगलम कॉइल्स प्राइवेट लिमिटेड) 31.18 लाख शेयरों की बिक्री करेगी।

धूत ट्रांसमिशन नए शेयरों के निर्गम से जुटाई गई राशि में से 493.9 करोड़ रुपये का उपयोग अपने कर्ज भुगतान में करेगी। वहीं 272.58 करोड़ रुपये उसकी अनुषंगी कंपनियों धूत ऑटोकंपोनेंट्स, धूत इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स, धूत ऑटोमोटिव सिस्टम्स और धूत ट्रांसमिशन यूके लिमिटेड के ऋण चुकाने में लगाए जाएंगे।

वर्ष 1999 में स्थापित धूत ट्रांसमिशन महत्वपूर्ण ‘वायरिंग हार्नेस’ का डिजाइन, विनिर्माण एवं आपूर्ति करती है, जो इलेक्ट्रॉनिक सेंसर एवं कंट्रोलर, स्विच, टर्मिनल, कनेक्टर, जंक्शन बॉक्स, उच्च वोल्टेज इंटरकनेक्शन प्रणाली और डेटा केबल को एकीकृत करने का काम करते हैं।

भाषा राजेश राजेश योगेश प्रेम

प्रेम