मेखली पावर में अपनी हिस्सेदारी 2,171 करोड़ रुपये में अल्फा अल्टरनेटिव्स को बेचेगी दिलीप बिल्डकॉन

Ads

मेखली पावर में अपनी हिस्सेदारी 2,171 करोड़ रुपये में अल्फा अल्टरनेटिव्स को बेचेगी दिलीप बिल्डकॉन

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 03:42 PM IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) अवसंरचना कंपनी दिलीप बिल्डकॉन ने मेखली पावर ट्रांसमिशन में अपनी हिस्सेदारी अल्फा अल्टरनेटिव्स फंड एडवाइजर्स को 2,171 करोड़ रुपये में बेचने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल) ने बयान में कहा कि मेखली पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड कर्नाटक के बेलगावी जिले में करीब 470 सर्किट किलोमीटर तक फैली 400 किलोवोल्ट की सबस्टेशन पारेषण परियोजना के विकास, डिजाइन और इंजीनियरिंग का काम कर रही है।

इसमें कहा गया, ‘‘परियोजना के चालू होने के बाद अल्फा अल्टरनेटिव्स, डीबीएल की 51 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी पूरी तरह खरीदने पर सहमत हो गई है।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘यह खरीद करीब 2,914 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर आधारित है। यह मूल्य पहले से तय समापन समायोजन और पूर्व-निर्धारित शर्तों के अधीन है।’’

दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) देवेन्द्र जैन ने कहा, ‘‘इस पारेषण परियोजना में अल्फा अल्टरनेटिव्स के साथ हमारी साझेदारी से हमें शुरुआती चरण में ही पूंजी का पुन: इस्तेमाल करने में मदद मिलती है…’’

जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड इस सौदे में एकमात्र वित्तीय सलाहकार है, जबकि खेतान एंड कंपनी ने दिलीप बिल्डकॉन के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया।

एजेडबी एंड पार्टनर्स ने अल्फा अल्टरनेटिव्स के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया।

अल्फा अल्टरनेटिव्स के वरिष्ठ साझेदार एवं निजी बाजार प्रमुख कौशल बी. ने कहा, ‘‘हम उच्च गुणवत्ता वाली दीर्घकालिक बुनियादी ढांचा परिसंपत्तियों में अपना निवेश लगातार बढ़ा रहे हैं और भारत के बिजली एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में वृद्धि की मजबूत संभावनाएं देखते हैं।’’

वर्ष 1987 में स्थापित दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड एक विविधीकृत बुनियादी ढांचा कंपनी है।

भाषा निहारिका अजय

अजय