घरेलू शेयर बाजारों में दोपहर में भी गिरावट जारी रही

Ads

घरेलू शेयर बाजारों में दोपहर में भी गिरावट जारी रही

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 12:37 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 12:37 PM IST

मुंबई, 12 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच बृहस्पतिवार को दोपहर में भी सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट जारी रही।

विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजार के कमजोर रुझानों और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी निवेशकों के विश्वास को झकझोर दिया है।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 992.53 अंक या 1.29 प्रतिशत टूटकर 75,871.18 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 310.55 अंक या 1.30 प्रतिशत टूटकर 23,556.30 अंक पर रहा।

बाद में सेंसेक्स 432.04 अंक या 0.56 प्रतिशत फिसलकर 76,459.62 अंक पर और निफ्टी 129.70 अंक या 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,745.55 अंक पर कारोबार करने लगा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंटरग्लोब एविएशन और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टेक महिंद्रा के शेयर लाभ में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे।

अमेरिकी बाजार भी बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 8.98 प्रतिशत चढ़कर 100.24 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 6,267.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,965.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका