इरेडा का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 37 प्रतिशत बढ़कर 337 करोड़ रुपये पर

Ads

इरेडा का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 37 प्रतिशत बढ़कर 337 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 09:50 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 09:50 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लि. (इरेडा) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 37 प्रतिशत बढ़कर 337 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से आय बढ़ने के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि एक साल पहले 2025-26 की इसी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 247 करोड़ रुपये था।

इरेडा की परिचालन आय जून, 2026 को समाप्त तिमाही में 15 प्रतिशत बढ़कर 2,250 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,960 करोड़ रुपये थी।

कंपनी का कर्ज खाता बढ़कर 94,936 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले इसी तिमाही में 79,941 करोड़ रुपये था।

नेटवर्थ (शुद्ध संपत्ति) बढ़कर 14,133 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले इसी तिमाही में 12,402 करोड़ रुपये था।

इरेडा की संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार आया और यह जून, 2026 को समाप्त तिमाही में घटकर 1.23 प्रतिशत रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2.06 प्रतिशत था।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) तथा निदेशक (वित्त) बिजय कुमार मोहंती ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के हमारे नतीजे कंपनी के मजबूत कारोबारी आधार और गुणवत्तापूर्ण वृद्धि पर हमारे निरंतर ध्यान को बताते हैं। शुद्ध लाभ में 37 प्रतिशत की वृद्धि और ऋण खाते में 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी इस बात का प्रमाण है कि देशभर में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के वित्तपोषण की मांग लगातार बनी हुई है।’’

उन्होंने कहा कि हमारी परिसंपत्ति गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो हमारे जोखिम प्रबंधन ढांचे और निगरानी प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है।’’

भाषा रमण अजय

अजय