चालू वित्त वर्ष में घरेलू ट्रैक्टर की थोक बिक्री में 1-4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना : इक्रा

Ads

चालू वित्त वर्ष में घरेलू ट्रैक्टर की थोक बिक्री में 1-4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना : इक्रा

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 09:26 PM IST

मुंबई, 17 जून (भाषा) साख निर्धारक एजेंसी इक्रा ने बुधवार को एक बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष में घरेलू ट्रैक्टर की थोक बिक्री में 1-4 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि कम बारिश का असर कृषि उत्पादन और नतीजतन ट्रैक्टर की बिक्री पर पड़ सकता है।

इक्रा के अनुसार, मई में ट्रैक्टर की मांग मजबूत रही। थोक बिक्री में सालाना आधार पर 19.3 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी हुई, जबकि पिछले महीने खुदरा बिक्री में 13.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसकी वजह ‘कमजोर आधार वर्ष’, खेती से लगातार नकदी प्रवाह और जीएसटी दर में कटौती के बाद बेहतर सामर्थ्य थी।

हालांकि, बिक्री की रफ्तार धीमी होने की उम्मीद है क्योंकि सरकार ने मुख्य 30-50 हॉर्स पावर वाले खंड के लिए संशोधित उत्सर्जन नियमों (जिसके कारण वित्त वर्ष 2025-26 में पहले से खरीदारी हुई थी) को लागू करने की तारीख अप्रैल, 2026 से बढ़ाकर अप्रैल 2028 कर दी है और इसे चरणों में लागू करने का फैसला किया है।

इक्रा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में 23.5 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी के बाद, 2026-27 में थोक बिक्री की रफ्तार धीमी होकर 1-4 प्रतिशत रहने की संभावना है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय