ड्राईडॉक्स वर्ल्ड, कोचीन शिपयार्ड ने किया संयुक्त उद्यम का गठन
ड्राईडॉक्स वर्ल्ड, कोचीन शिपयार्ड ने किया संयुक्त उद्यम का गठन
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) डीपी वर्ल्ड समूह की कंपनी ड्राईडॉक्स वर्ल्ड और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने शुक्रवार को कोचीन जहाज मरम्मत सुविधा के संचालन और विस्तार के लिए एक संयुक्त उद्यम (जेवी) समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की।
डीपी वर्ल्ड ने एक बयान में कहा कि यह 50:50 की साझेदारी वाला संयुक्त उद्यम कोचीन स्थित इंटरनेशनल शिप रिपेयर फैसिलिटी (आईएसआरएफ) का संचालन और विस्तार करेगा, जिससे भारत का जहाज मरम्मत परिवेश मजबूत होगा तथा बढ़ती क्षेत्रीय और वैश्विक मांग पूरी होगी।
पोत परिवहन मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ड्राईडॉक्स वर्ल्ड और सीएसएल दोनों इस परियोजना में 900-900 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।
इस समझौते पर ड्राईडॉक्स वर्ल्ड के सीईओ कैप्टन राडो एंटोलोविक (पीएचडी) और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक जोस वी जे ने नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के मौके पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा यूएई के उन्नत विज्ञान और प्रौद्योगिकी मामलों के सहायक विदेश मंत्री इमरान शराफ अलहाशिमी उपस्थित थे।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


