डीएस ग्रुप की ब्रिटेन की बेन्स कुकीज के साथ साझेदारी, भारत में खोले जाएंगे 10 स्टोर

Ads

डीएस ग्रुप की ब्रिटेन की बेन्स कुकीज के साथ साझेदारी, भारत में खोले जाएंगे 10 स्टोर

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 04:03 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) धर्मपाल सत्यपाल समूह (डीएस ग्रुप) ने ब्रिटेन के प्रीमियम कुकी ब्रांड बेन्स कुकीज के साथ विशेष साझेदारी की है और चालू वित्त वर्ष में दिल्ली एवं मुंबई में 10 स्टोर खोलने की योजना बनाई है।

भारत में बेन्स कुकीज कारोबार का नेतृत्व कर रहीं संस्कृति गुप्ता ने बुधवार को एक बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत जून-जुलाई के दौरान छह-सात स्टोर खोले जाएंगे।

बेन्स कुकीज की स्थापना 1983 में कुकरी लेखक हेल्गे रुबिनस्टीन ने की थी और इसका पहला स्टोर 1984 में ऑक्सफोर्ड में खुला था। यह ब्रांड ताजे बेक किए गए कुकीज और प्रीमियम सामग्री के उपयोग के लिए जाना जाता है।

डीएस ग्रुप ने 10 वर्ष से अधिक अवधि के लिए बेन्स कुकीज के साथ मास्टर फ्रेंचाइजी समझौता किया है और प्रीमियम एवं ताजे उत्पादों की बढ़ती मांग के दम पर मजबूत वृद्धि की उम्मीद जताई है।

गुप्ता ने कहा कि कंपनी पैकेज्ड और ताजे कुकीज़ के बीच अंतर को पाटते हुए प्रीमियम खंड में हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखती है। उन्होंने बताया कि भारत का कुकी बाजार 2024 में लगभग 1.3 अरब डॉलर का है, जो 2033 तक 2.3 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि ब्रांड को ‘किफायती प्रीमियम’ विकल्प के रूप में पेश किया जाएगा, जहां एक कुकी की कीमत लगभग 325 रुपये से शुरू होगी, जबकि गिफ्ट पैक की कीमत 1,500 रुपये से अधिक होगी।

कंपनी त्योहारी और कॉरपोरेट गिफ्टिंग खंड पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। इसके अलावा, यह ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति मंच स्विगी और जोमैटो के साथ साझेदारी कर घरों तक आपूर्ति की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।

मध्यम अवधि में कंपनी बेंगलुरु, कोलकाता, पुणे, चेन्नई और हैदराबाद जैसे अन्य शहरों में विस्तार की योजना बना रही है।

वर्ष 1929 में स्थापित डीएस ग्रुप खाद्य एवं पेय, कन्फेक्शनरी, माउथ फ्रेशनर, आतिथ्य, कृषि और लक्जरी रिटेल समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके पोर्टफोलियो में ‘कैच’, ‘पल्स’, ‘पास पास’ सहित कई ब्रांड शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय