तत्व चिंतन फार्मा का आईपीओ में कुछ घंटों के भीतर ही मिली डेढ गुना बोली
तत्व चिंतन फार्मा का आईपीओ में कुछ घंटों के भीतर ही मिली डेढ गुना बोली
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) विशेष रासायनों का विनिर्माण करने वाली कंपनी, तत्व चिंतन फार्मा केम की आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) को शुक्रवार को पहले दिन कुछ घंटों के भीतर जरूरत से ज्यादा खरीदार मिल गए।
एक्सचेंजों के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 500 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 52,48,425 शेयरों के लिए बोलियां मिली चुकी थीं, जबकि पेशकश पर 32,61,882 शेयर ही रखे ग हैं। इस प्रकार बिक्री के लिए रखे गये शेयरों की तुलना में 1.61 गुना अधिक अभिदान मिल चुका है।
एनएसई पर सुबह 12.05 घंटे तक की अद्यतन सूचना के अनुसार, गैर-संस्थागत निवेशकों के रखे गये शेयरों के हिस्से के लिए 13 प्रतिशत अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के लिए 3.16 गुना अधिक अभिदान मिला।
इस 500 करोड़ रुपये तक की आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) में 225 करोड़ रुपये के नए शेयर और 275 करोड़ रुपये के प्रवर्तकों के शेयर बेचे जा रहे हैं।
आईपीओ 20 जुलाई को बंद होगा।
आवेदन मूल्य 1,073-1,083 रुपये प्रति शेयर के दायरे में रखा गया है।
तत्व चिंतन फार्मा केम ने बृहस्पतिवार को एंकर निवेशकों से 150 करोड़ रुपये जुटाए।
वडोदरा स्थित यह कंपनी, एक विशेष रासायन निर्माण कंपनी है। कंपनी अपने अधिकांश उत्पादों का निर्यात करती है। अमेरिका, चीन, जर्मनी, जापान, दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन सहित 25 से अधिक देशों में उसका माल जाता है।
भाषा राजेश मनोहर
मनोहर

Facebook


