इलेवन समूह हरियाणा में स्वच्छ बिजली पहुंचाने के लिए 4,700 करोड़ रुपये का करेगा निवेश
इलेवन समूह हरियाणा में स्वच्छ बिजली पहुंचाने के लिए 4,700 करोड़ रुपये का करेगा निवेश
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) स्वास्थ्य, बिजली समेत विभिन्न कारोबार क्षेत्रों से जुड़े समूह ‘इलेवन’ ने सोमवार को कहा कि वह हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह जिलों में नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित बिजली वितरण नेटवर्क बनाने के लिए 4,700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की योजना बना रहा है।
कंपनी के बयान के अनुसार, पहले चरण के लिए वित्त पोषण व्यवस्था की जा चुकी है। इसमें इक्विटी और कर्ज का मिश्रण होगा।
बयान के मुताबिक, मेदान्ता के सह-संस्थापक सुनील सचदेवा की अध्यक्षता वाला विविध क्षेत्रों में काम करने वाला समूह ‘इलेवन’, गुरुग्राम और नूंह जिलों में नया, नवीकरणीय ऊर्जा आधारित बिजली वितरण नेटवर्क बनाने के लिए 4,700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। यह हरियाणा के बिजली क्षेत्र में अब तक प्रस्तावित सबसे बड़े निजी निवेश में से एक है।
इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड ने इन दो जिलों के लिए समानान्तर वितरण लाइसेंस के लिए हरियाणा बिजली नियामक के पास आवेदन किया है। यह परियोजना नियामक से लाइसेंस मिलने पर निर्भर है।
हरियाणा के पिछड़े जिलों में एक नूंह को इसकी शुरुआत के पहले चरण में शामिल किया गया है।
समानान्तर लाइसेंस प्रस्ताव के तहत, मौजूदा बिजली कंपनी के पास अपना नेटवर्क और ग्राहक बने रहते हैं और केवल वही ग्राहक नए आपूर्तिकर्ता के पास जाते हैं जो उसे चुनते हैं।
‘इलेवन’ के चेयरमैन सुनील सचदेवा ने कहा, ‘‘अब हम भविष्य के लिए तैयार, वैश्विक स्तर की बिजली वितरण व्यवस्था बनाना चाहते हैं जो लंबे समय तक नूंह और गुरुग्राम के लोगों को सेवा दे सके।’’
इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड समूह का बिजली वितरण उद्यम है, जिसकी योजना गुरुग्राम और नूंह जिलों में नवीकरणीय ऊर्जा आधारित वितरण नेटवर्क बनाने के लिए 4,700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


